सोमवार, 16 मार्च 2015

व्यंग्य छननी बता रही वंश परम्परा के छेद



व्यंग्य
छननी बता रही वंश परम्परा के छेद  
दर्शक
       हरियाना विधानसभा के चुनाव प्रचार की पहली आमसभा में नरेन्द्र मोदी ने गर्ज़ना करते हुए कहा कि वंशानुगत शासन का अंत करने के लिए भाजपा को वोट दें। अब यह तो माना नहीं जा सकता कि सोनिया- राहुल, ताऊ देवीलाल के पुत्र ओम प्रकाश चौटाला और अजय चौटाला आदि के साथ दर्ज़नों चौटालाओं, और भजनलाल, वंशीलाल के सपूतों के बारे में संकेत करते हुए उन्हें यह अन्दाज़ा नहीं होगा कि प्रधानमंत्री पद के लिए भाजपा में उनकी प्रतियोगी सुषमा स्वराज की बहिन भी भाजपा की उम्मीदवार हैं। इतना ही नहीं संकेतों में उन्हें मुख्यमंत्री पद का दावेदार भी बताया जा रहा है। वैसे भी मोदीजी बाहरवालों से ज्यादा अपने ही दल के लोगों पर निशाना साधने के उस्ताद माने जाते हैं। अब किसी को यह बताने की जरूरत भी नहीं है कि मोदीजी को गुटबाजी के कारण ही गुजरात से हरियाना और हिमाचल का प्रभारी बनाकर भेजा गया था और इसी प्रतिभा के कारण ही उन्हें इन दोनों राज्यों का प्रभार छोड़ कर अमेरिका में भटकना पड़ा था, जहाँ वे व्हाइट हाउस के बाहर खड़े होकर फोटो खिंचवाने में गर्व महसूस करते रहते थे। मोदीजी के कारण ही संजय जोशी को संघ के विश्वास के बाद भी बाहर का रास्ता देखना पड़ा था और हरेन पंड्या को दूसरी दुनिया का। मोदीजी की ही कृपा से नितिन गडकरी जी भाजपा के संविधान में संशोधन कराने के बाद भी अध्यक्ष पद का दूसरा कार्यकाल नहीं देख सके।
       जैसे ही उनकी यह टिप्पणी सामने आयी वैसे ही भाजपा के लोग अपने अपने गिरेवान में झाँकने से बचने की कोशिश करते नजर आये।
·         विजया राजे सिंधिया की पुत्री वसुन्धरा राजे और यशोधरा राजे को लगा कि यह टिप्पणी क्या हमारे वंश पर है और वसुन्धरा राजे के सांसद पुत्र दुष्यंत सिंह पर भी निशाना है।
·         अटल जी के भांजे अनूप मिश्रा को भी अपनी रिश्तेदारी याद आने लगी जबकि उनकी भांजी तो दुबारा टिकिट न मिलने पर पहले ही भाजपा को छोड़ चुकी हैं।
·         मुरली मनोहर जोशी के दामाद शाहनवाज भले ही जीत न सके हों पर स्थान तो महत्वपूर्ण रखते हैं।
·         अशोक सिंघल के दामाद मुख्तार अब्बास नक़वी भी सकपका गये
·         छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री रमण सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह भी सांसद हैं
·         राजनाथ सिंह के सुपुत्र पंकज सिंह भी लोकसभा सुशोभित कर रहे हैं 
·         यशवंत सिन्हा के सुपुत्र जयवंत सिन्हा भी सांसद हैं
·         पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान के राज्यपाल कल्याण सिंह के सुपुत्र राजवीर सिंह भी सांसद हैं
·         प्रेम कुमार धूमल के सुपुत्र अनुराग ठाकुर भी सांसद हैं
·         मनेका गाँधी स्वय़ं और उनके पुत्र वरुण गाँधी
·         प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन सांसद हैं
·         लालजी टंडन के सुपुत्र प्रमोद टंडन भी सांसद हैं
·         गोपीनाथ मुंडे की बेटी पंकजा मुंडे विधायक हैं और मुख्यमंत्री पद की दावेदार हैं
·         पूर्व मुख्यमंत्रीसुंदरलाल पटवा के भतीजे सुरेंद्र पटवा विधायक हैं
·         पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी विधायक हैं
·         जसवंत सिंह के पुत्र मानवेन्द्र सिंह विधायक हैं
·         नितिन गडकरी अपने पुत्र निखिल को लेकर आये हैं
·         पूर्व मुख्यमंत्री उमाभारती ने अपने भतीजे सिद्दार्थ को लेकर आयीं
·         बाबूलाल गौर की बहू कृष्णा गौर मेयर है
हरि अनंत हरि कथा अनंता की तरह जब पूरा कुनबा ही वंशवाद से भरा हुआ है तो दूसरों के वंशवाद को निर्मूल करने के दावे के पीछे गैर नहीं अपने ही होंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें